Caneda News कनाडा में बुजुर्ग दंपती की 2022 हत्या मामले में तीन आरोपियों पर मुकदमा शुरू

Caneda News कनाडा में बुजुर्ग दंपती की 2022 हत्या मामले में तीन आरोपियों पर मुकदमा शुरू
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में वर्ष 2022 में एक बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में तीन भारतीय मूल के आरोपियों के खिलाफ सोमवार से मुकदमा शुरू हो गया। कनाडाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक दंपती की पहचान अर्नोल्ड और जोआन डी जोंग के रूप में हुई है, जिनके शव 9 मई 2022 को उनके घर में पाए गए थे। आरोपियों की पहचान गुरकरण सिंह, अभिजीत सिंह और खुशवीर सिंह तोर के रूप में हुई है।
सोमवार को ब्रिटिश कोलंबिया के एबट्सफोर्ड की अदालत में सुनवाई के दौरान बताया गया कि आरोपी पहले एक क्लीनिंग कंपनी के माध्यम से अर्नोल्ड और जोआन डी जोंग के लिए काम कर चुके थे। अदालत को बताया गया कि 8 मई 2022 को घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के अगले दिन सुबह दंपती से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया, जिसके बाद उनके एक दामाद ने घर जाकर देखा।
अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि गुरकरण, अभिजीत और खुशवीर कर्ज, आर्थिक दबाव और लालच से प्रेरित थे, जिसके चलते उन्होंने इस हत्या को अंजाम दिया। CBC न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, तीनों आरोपियों ने प्रथम श्रेणी की हत्या के दो-दो आरोपों में खुद को निर्दोष बताया है।
दंपती के लिए पहले कर चुके थे काम
सोमवार की सुनवाई के दौरान क्राउन अभियोजक डोरोथी त्सुई ने कहा कि प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्य यह दिखाएंगे कि अभिजीत की क्लीनिंग कंपनी के जरिए आरोपियों का डी जोंग दंपती से संबंध था। इस कंपनी ने जुलाई 2021 और अप्रैल 2022 में दंपती के घर में काम किया था। अभियोजक ने बताया कि गुरकरण सिंह 16 अप्रैल 2022 को छात्र वीजा पर कनाडा आया था।
उन्होंने यह भी कहा कि हत्याकांड के तुरंत बाद गुरकरण और खुशवीर ने अपने-अपने बैंक खातों में 3,601 डॉलर के चेक जमा किए थे। अभियोजन के अनुसार, ये चेक कथित तौर पर जोआन द्वारा साइन किए गए थे और चेक के मेमो में घर की सफाई के भुगतान का उल्लेख था।
अभियोजक ने अदालत को बताया कि अपराध स्थल की जांच के दौरान एक फॉरेंसिक अधिकारी ने डी जोंग दंपती के लैंडलाइन फोन पर छोड़ा गया एक वॉइसमेल सुना, जिसमें क्रेडिट कार्ड पर संदिग्ध लेन-देन की जानकारी थी। इसके बाद पुलिस ने बैंकिंग और फोन रिकॉर्ड खंगाले, जिससे संभावित आरोपियों की पहचान की गई।
कैसे हुई दंपती की हत्या
CBC न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अर्नोल्ड और जोआन के शव उनके घर के अलग-अलग बेडरूम में मिले थे, जहां उनके हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अर्नोल्ड का शव बिस्तर पर कंबल के नीचे मिला था और उनके सिर पर डक्ट टेप लिपटा हुआ था। यह टेप उनकी नाक और मुंह को ढके हुए था, जिससे वे सांस नहीं ले पा रहे थे।
वहीं, एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि जोआन का शव बिस्तर पर पीठ के बल मिला, जिसके सिर और गर्दन के आसपास खून था। क्राउन अभियोजक डोरोथी त्सुई ने अदालत को बताया कि एक पैथोलॉजिस्ट गवाही देगा कि अर्नोल्ड की मौत दम घुटने से हुई, जबकि जोआन की मौत तेज और कुंद हथियार से लगी चोटों के कारण हुई।


















Leave a Reply