आसनसोल में पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया हुआ बैग, गहने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए।

आसनसोल में पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया हुआ बैग, गहने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए
आसनसोल में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की बदौलत एक महिला को उसका खोया हुआ बैग सुरक्षित वापस मिल गया। इस सराहनीय कार्य में आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बाद महिला ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हाउसिंग की रहने वाली मिथु गोराई ने एचएलजी मोड़ से हट्टन रोड जाने के लिए एक ऑटो बुक किया था। वह ऑटो से हट्टन रोड पहुंचीं और वहां उतर गईं, लेकिन जल्दबाजी में वह अपना बैग ऑटो में ही भूल गईं। उस बैग में कुछ गहने और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे, जिससे महिला काफी परेशान हो गईं।
बैग के खो जाने के बाद मिथु गोराई तुरंत आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।
आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड के एसआई (एबी) बिस्वनाथ दास, सीवी अनिमेष जाश और टीएचजी देबकांता कोड़ा ने संयुक्त रूप से इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। लगातार फुटेज खंगालने के बाद अधिकारियों ने उस ऑटो की पहचान कर ली, जिसमें महिला अपना बैग भूल गई थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक का पता लगाया और महिला का बैग बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद बैग को मिथु गोराई को सौंप दिया गया। बैग में मौजूद गहने और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर महिला काफी खुश हुईं और उन्होंने आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड की टीम को विशेष धन्यवाद दिया।
इस पूरे मामले में आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड के ओसी एसआई चिरंजीब गुहा रॉय ने भी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों की मदद करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। अधिकारियों की तत्परता से महिला को उसका खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिल सका, जिसकी इलाके में भी सराहना की जा रही है।


















Leave a Reply