आसनसोल नॉर्थ विधानसभा में भाजपा की परिवर्तन सभा, ममता सरकार पर जमकर हमला इसबार बंगाल में खिलेगा कमल : कृष्णदु मुखर्जी

आसनसोल नॉर्थ विधानसभा में भाजपा की परिवर्तन सभा, ममता सरकार पर जमकर हमला इसबार बंगाल में खिलेगा कमल : कृष्णदु मुखर्जी
आसनसोल नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ओर से परिवर्तन सभा का आयोजन किया गया। यह सभा आसनसोल रेलवे स्टेशन के ठीक सामने आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
सभा में आसनसोल नॉर्थ विधानसभा के पूर्व भाजपा उम्मीदवार एवं पश्चिम बंगाल राज्य भाजपा सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पश्चिम बंगाल में व्याप्त अराजकता और भ्रष्टाचार को लेकर ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि एसआईआर (SIR) को लेकर देश के 12 राज्यों में प्रक्रिया चल रही है, लेकिन किसी भी राज्य में विरोध नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल पश्चिम बंगाल में हर दिन एसआईआर को लेकर हेडलाइन बन रही है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी सहित तृणमूल कांग्रेस के नेता लगातार इसका विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले देखा गया कि कुछ बुजुर्गों को बसों और गाड़ियों के माध्यम से एसआईआर सेंटर में हियरिंग के लिए ले जाया गया, जिसे लेकर तृणमूल कांग्रेस द्वारा एलेक्सान कमीशन को नीचा दिखाने की कोशिश की गई। कृष्णेंदु मुखर्जी ने आरोप लगाया कि मोनिमाला स्कूल के सामने तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने भाजपा के कैंप पर हमला किया।
भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगले तीन महीनों के भीतर निर्वाचन की घोषणा होगी और पार्टी को लड़ाई के लिए तैयार रहना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस की विकास यात्रा पर सवाल उठाते हुए कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि बर्नपुर इस्को से जुबली मोड़ तक सड़क का निर्माण कई वर्षों से नहीं हुआ है। दिसरगढ़ की सड़कें खराब स्थिति में हैं। आसनसोल नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और तृणमूल कांग्रेस के नगर निगम द्वारा ठीक से पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है।
उन्होंने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि वहां गरीबों का ठीक से इलाज नहीं हो रहा है। मरीजों को अन्य जिलों में रेफर कर दिया जाता है और पर्याप्त डॉक्टरों की व्यवस्था नहीं है।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने दावा किया कि आसनसोल नॉर्थ विधानसभा से एसआईआर होने पर करीब 45 हजार वोट कटे हैं और इन्हीं वोटों से पहले यह विधानसभा जीती जाती थी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा की जीत यहां तय है, चाहे तृणमूल कांग्रेस कितनी भी कोशिश कर ले।
आसनसोल नॉर्थ विधानसभा के विधायक और पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री मलय घटक से सवाल करते हुए कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र में कोई नया कल-कारखाना नहीं आया। जो कारखाना था, उसे भी बंद कर दिया गया। कोई नया रोजगार नहीं दिया गया, जिसके कारण युवा समाज तृणमूल कांग्रेस का झंडा पकड़कर नारे लगाने को मजबूर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशे की तस्करी हो रही है और युवा नशे की लत में फंसते जा रहे हैं। टोटो और ऑटो चालकों को अपने रोजगार का 25 प्रतिशत हिस्सा तृणमूल कांग्रेस नेताओं को देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा नहीं है, रेप की घटनाएं हो रही हैं और मुख्यमंत्री इन मामलों में सहयोग कर रही हैं।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि बीते कई वर्षों से पश्चिम बंगाल में कोई वास्तविक विकास नहीं हुआ है।





Discover more from PUNJABI POST
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













Leave a Reply