Kolkata तारातला गोदाम हादसा: घायलों से मिले मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, बेहतर इलाज और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

Kolkata तारातला गोदाम हादसा: घायलों से मिले मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, बेहतर इलाज और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने बुधवार को एसएसकेएम अस्पताल पहुंचकर कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के समीप निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरने की दुर्घटना में घायल हुए लोगों और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा सभी घायलों के समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री डॉ. पोद्दार ने कहा कि दुर्घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि मलबे में अभी भी दो लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
उन्होंने इस हादसे में पांच मजदूरों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। साथ ही दुर्घटना में घायल करीब 20 लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डॉ. पोद्दार ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटी आपदा प्रबंधन टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही यह भी कहा कि घटना में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री ने इस गंभीर दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व और प्रशासनिक तत्परता की भी सराहना की।





Discover more from PUNJABI POST
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













Leave a Reply