आसनसोल नगर निगम के वार्ड 58 के पार्षद संजय नोनिया ने दिया इस्तीफा, तृणमूल कांग्रेस भी छोड़ी।

आसनसोल नगर निगम के वार्ड 58 के पार्षद संजय नोनिया ने दिया इस्तीफा, तृणमूल कांग्रेस भी छोड़ी
आसनसोल: आसनसोल नगर निगम के 58 नंबर वार्ड के पार्षद संजय नोनिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता समेत पार्टी के सभी पदों से भी त्यागपत्र देने की घोषणा की है।
आसनसोल नगर निगम के पार्षद संजय नोनिया ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा नगर निगम के मेयर, चेयरमैन तथा पार्टी के उच्च नेतृत्व को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से व्यक्तिगत और पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता लंबे समय से अस्वस्थ हैं और उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही है। पिता के बेहतर इलाज और देखभाल के लिए उन्हें अधिक समय देने की आवश्यकता है। ऐसे में वे जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पहले की तरह नहीं कर पा रहे हैं।
संजय नोनिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में वे इस दायित्व को पूरी तरह निभाने में स्वयं को असमर्थ महसूस कर रहे हैं। इसी कारण उन्होंने पार्षद पद और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
उनके इस्तीफे के बाद वार्ड 58 की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, स्थानीय राजनीतिक गलियारों में उनके इस फैसले को लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि संजय नोनिया ने स्पष्ट किया है कि उनका यह निर्णय पूरी तरह पारिवारिक कारणों से प्रेरित है और पिता की देखभाल उनकी पहली प्राथमिकता है।


















Leave a Reply