आसनसोल में अवैध लोहा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन थाना क्षेत्रों में देर रात छापेमारी।

आसनसोल में अवैध लोहा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन थाना क्षेत्रों में देर रात छापेमारी
आसनसोल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने सोमवार देर रात अवैध लोहा कारोबार और कथित चोरी के लोहे की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में कथित चोरी का लोहा बरामद किया गया तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

आसनसोल में अवैध लोहा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन थाना क्षेत्रों में देर रात छापेमारी
पुलिस की पहली कार्रवाई हीरापुर थाना क्षेत्र के नर्सिंग बांध-कलाली इलाके में की गई, जहां एक कबाड़ गोदाम में छापेमारी के दौरान बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट से कथित रूप से चोरी किया गया भारी मात्रा में लोहा बरामद होने का दावा किया गया। यह गोदाम स्थानीय निवासी सोनू साव का बताया जा रहा है। पुलिस ने गोदाम के साथ-साथ उसके आवास की भी तलाशी ली, जहां से भी कथित रूप से कारखाने का चोरी का लोहा बरामद किया गया। इसके बाद सोनू साव को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर डीडी विभाग की टीम आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी इलाके में पहुंची। यहां स्थित एक अन्य कबाड़ गोदाम की तलाशी के दौरान भी भारी मात्रा में कथित चोरी का लोहा बरामद किया गया।
इसी अभियान के तहत डीडी विभाग की दूसरी टीम ने आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के रेलपार इलाके में भी छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, यहां सज्जाद उर्फ चिकना से जुड़े बताए जा रहे एक कबाड़ गोदाम से भी बड़ी मात्रा में अवैध लोहा बरामद किया गया। हालांकि इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित चोरी के लोहे के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद लोहा किन औद्योगिक इकाइयों से चोरी किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।





Discover more from PUNJABI POST
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













Leave a Reply