ED Raid IPAC & CM ईडी की रेड के बाद बंगाल में सियासी उबाल, ममता का पैदल मार्च आज, हाईकोर्ट में तीखी बहस संभव

ED Raid IPAC & CM ईडी की रेड के बाद बंगाल में सियासी उबाल, ममता का पैदल मार्च आज, हाईकोर्ट में तीखी बहस संभव
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म आई-पैक (I-PAC) के कोलकाता कार्यालय और उसके डायरेक्टर व को-फाउंडर प्रतीक जैन के आवास पर की गई छापेमारी के बाद राज्य में सियासी बवाल शुरू हो गया है। इस कार्रवाई के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पैदल मार्च निकालने का ऐलान किया है, जबकि दूसरी ओर मामला अदालत तक पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईडी की कार्रवाई को चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां जानबूझकर चुनावी माहौल में हस्तक्षेप कर रही हैं। टीएमसी के अनुसार, आज पूरे बंगाल में विरोध प्रदर्शन देखने को मिलेंगे।
ईडी और टीएमसी आमने-सामने, अदालत में सुनवाई के आसार
ईडी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि आई-पैक ऑफिस और प्रतीक जैन के घर पर चल रही तलाशी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हस्तक्षेप कर जांच में बाधा डाली। एजेंसी का दावा है कि तलाशी स्थल से सबूत हटाए गए। इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होने की संभावना है।
वहीं, ममता बनर्जी ने ईडी पर पार्टी के चुनावी दस्तावेज चुराने का आरोप लगाया है। तृणमूल कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया है। न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने मामले की सुनवाई की अनुमति दे दी है, जिससे अदालत में तीखी बहस के आसार हैं।
‘क्या मुझे विरोध नहीं करना चाहिए?’ – ममता बनर्जी
गुरुवार को बाबूघाट में गंगासागर मेले के लिए बनाए गए ट्रांजिट कैंप के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ झूठे मामले बनाए जाते हैं या पार्टी के दस्तावेज छीने जाते हैं, तो क्या उन्हें विरोध नहीं करना चाहिए।
जादवपुर से हाजरा तक पैदल मार्च
ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वह शुक्रवार को जादवपुर 8बी बस स्टैंड से हाजरा चौराहे तक पैदल मार्च का नेतृत्व करेंगी। यह रैली पांच किलोमीटर से अधिक लंबी होगी। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाइयों का जवाब दिया जाएगा।
कहां-कहां हुई ईडी की छापेमारी
ईडी ने कोयला चोरी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत गुरुवार को आई-पैक के सॉल्ट लेक सेक्टर-5 स्थित कार्यालय में तलाशी ली। यह फर्म 2019 से तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक कंसल्टेंसी का काम कर रही है। इसके साथ ही ईडी की टीम ने प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास पर भी छापेमारी की।
रेड के दौरान ममता की मौजूदगी
छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रतीक जैन के घर पहुंचीं। परिसर से बाहर निकलते समय उन्हें कुछ दस्तावेज और एक लैपटॉप ले जाते देखा गया, जिसे उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का चुनावी सामग्री बताया। बाद में वह सॉल्ट लेक स्थित आई-पैक ऑफिस भी गईं। टीएमसी का आरोप है कि ईडी ने छापेमारी की आड़ में पार्टी की चुनावी रणनीति, उम्मीदवारों की सूची, आंतरिक डेटा और वित्तीय दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
ईडी की इस कार्रवाई और उसके बाद शुरू हुए सियासी टकराव ने बंगाल की राजनीति को चुनाव से पहले और गर्मा दिया है।





Discover more from PUNJABI POST
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













Leave a Reply