Asansol News गायों से भरा ट्रक जब्त, चालक और खलासी गिरफ्तार; पुलिस कर रही मामले की जांच।

Asansol News Smuggling गायों से भरा ट्रक जब्त, चालक और खलासी गिरफ्तार; पुलिस कर रही मामले की जांच
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फांड़ी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डुबरडिही चेकपोस्ट पर एक छह पहिया ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 15 गायें बरामद की गईं। पुलिस द्वारा आवश्यक दस्तावेज मांगने पर चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और चालक तथा खलासी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र कुमार और हरेकृष्ण सिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को बुधवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक में लदी गायों को बिहार से कोलकाता ले जाया जा रहा था। हालांकि, इन पशुओं को किस स्थान से लाया गया था और इन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि गायों के परिवहन से जुड़े सभी तथ्य क्या हैं और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने गायों को अपने संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।


















Leave a Reply