Asansol फतेहपुर में मनसा पूजा पंडाल के पास बड़ा भू-धसान, सैकड़ों घरों पर मंडराया खतरा ECL को दी गई जानकारी ।

Asansol फतेहपुर में मनसा पूजा पंडाल के पास बड़ा भू-धसान, सैकड़ों घरों पर मंडराया खतरा ECL को दी गई जानकारी
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के फतेहपुर इलाके में मनसा पूजा पंडाल के पास अचानक हुए बड़े भू-धसान से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पंडाल से सटे इलाके में जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंस गया।
घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। भू-धसान वाली जगह के आसपास बड़ी संख्या में मकान बने हुए हैं, जहां सैकड़ों परिवार निवास करते हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि जमीन धंसने का सिलसिला आगे बढ़ा, तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं।
पूजा पंडाल के पास घटना से बढ़ी चिंता
फतेहपुर इलाके में इन दिनों मनसा पूजा का आयोजन चल रहा है। ऐसे में पूजा पंडाल के ठीक बगल में जमीन धंसने की घटना ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। घटना के बाद लोग मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते नजर आए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भू-धसान की सूचना संबंधित अधिकारियों और ECL (Eastern Coalfields Limited) के साथ-साथ आसनसोल नगर निगम को भी दी गई है। लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद अब तक मौके पर सुरक्षा को लेकर अपेक्षित ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बड़े हादसे की आशंका, तत्काल जांच की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और ECL से मांग की है कि घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण किया जाए और भू-धसान के वास्तविक कारणों की जांच कराई जाए। साथ ही आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं।
लोगों का कहना है कि यदि जमीन के धंसने का दायरा और बढ़ता है, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में किसी संभावित बड़े हादसे से पहले प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करना और विशेषज्ञों की मदद से जमीन की स्थिति की जांच करना जरूरी है।
फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और ECL की अगली कार्रवाई पर है। लोगों की मांग है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


















Leave a Reply