रेलवे टिकट बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से लागू होंगे नए प्रावधान

रेलवे टिकट बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से लागू होंगे नए प्रावधान
नई दिल्ली: रेलवे ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव की घोषणा की है। 1 अक्टूबर से लागू होने वाले नए नियमों के तहत केवल आधार-लिंक्ड यूजर ही बुकिंग विंडो खुलने के पहले 15 मिनट में ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।
आधार लिंक यूजर्स को प्राथमिकता
नई व्यवस्था के अनुसार, सामान्य रिजर्वेशन खुलते ही शुरुआती 15 मिनट तक केवल वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे जिनका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से जुड़ा होगा। इसमें स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों के टिकट शामिल होंगे। जिन यात्रियों का अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, वे इस अवधि के बाद ही ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।
तत्काल टिकट पर पहले ही लागू था नियम
इससे पहले 1 जुलाई से तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार सत्यापन अनिवार्य किया गया था। तत्काल टिकट कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुक करते समय मोबाइल पर ओटीपी दर्ज करना भी जरूरी होता है। वहीं, एजेंटों पर अभी भी पाबंदी है—उन्हें बुकिंग विंडो खुलने के शुरुआती 30 मिनट में तत्काल टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होती।
कैसे होगा फायदा यात्रियों को?
त्योहारों और शादियों के मौसम में टिकटों की भारी मांग रहती है। ऐसे समय में सामान्य बुकिंग पर अक्सर टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। नए नियम के बाद अब आधार लिंक यूजर को शुरुआती 15 मिनट का फायदा मिलेगा, जिससे बुकिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और धोखाधड़ी पर रोक लगेगी।
काउंटर टिकट पर नहीं होगा असर
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टिकट काउंटर से बुकिंग की प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी रहेगी। बदलाव केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप से बुकिंग करने वाले यूजर्स पर लागू होगा।
एजेंटों पर पाबंदी बरकरार
नए नियमों में भी रेलवे एजेंटों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी गई है। आरक्षण खुलने पर शुरुआती 10 मिनट तक अधिकृत एजेंट टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। इस बदलाव को लागू करने के लिए रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) और आईआरसीटीसी सिस्टम में तकनीकी सुधार किए जाएंगे।
रेलवे का उद्देश्य
रेलवे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य टिकटिंग व्यवस्था को और पारदर्शी बनाना और आम यात्रियों को इसका सीधा लाभ पहुंचाना है। इन बदलावों से बुकिंग प्रक्रिया को भ्रष्टाचार मुक्त और सरल बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।






Discover more from PUNJABI POST
Subscribe to get the latest posts sent to your email.













Leave a Reply